
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र स्थित माहुलडीहा जाहेर स्थल से रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.


मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली थाना क्षेत्र निवासी शालीग्राम यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है. हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक


