जमशेदपुर/रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की चुनावी नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ कोल्हान प्रमंडल से विजय आनंद मूनका का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया है. इस पद के लिए केवल उनका नामांकन प्राप्त होने के कारण वे निर्विरोध चुने गए. उनके पुनर्निर्वाचन से कोल्हान के व्यापार एवं उद्योग जगत में हर्ष का माहौल है.


विजय आनंद मूनका इससे पूर्व सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में लगातार चार वर्षों तक अध्यक्ष रह चुके हैं. इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाने के साथ उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई. FJCCI के वर्तमान कार्यकाल में भी उन्होंने कोल्हान के व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मुद्दों को राज्य स्तर पर उठाया.
उनके पुनर्निर्वाचन पर व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में व्यापारिक सुगमता, औद्योगिक विकास, निवेश, आधारभूत संरचना और नीतिगत सुधार से जुड़े कोल्हान के मुद्दों को FJCCI के मंच पर मजबूती मिलेगी.
विजय आनंद मूनका ने व्यापार एवं उद्योग जगत का आभार जताते हुए कहा कि यह पद उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि व्यापारिक समुदाय के विश्वास और अपेक्षाओं को पूरा करने का दायित्व है. उन्होंने कोल्हान सहित पूरे झारखंड में व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने तथा उद्यमियों की आवाज को मजबूती से उठाते रहने की प्रतिबद्धता जताई.

