चांडिल/तिरुलडीह: तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सोमवार की रात छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान डांटम क्षेत्र से करीब 100 सीएफटी बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया. पुलिस ने वाहन को तिरुलडीह थाना परिसर में सुरक्षित रखा है और मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.


तिरुलडीह थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में डांटम क्षेत्र में छापेमारी की गई. जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 100 सीएफटी बालू पाया गया, जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया.
पदभार संभालते ही अवैध बालू पर कार्रवाई
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के पदभार संभालने के बाद अवैध बालू के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर शिकंजा कसने की दिशा में पुलिस की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है. पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

