चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के तिरुलडीह में पवित्र ईद-उल-फितर के अवसर पर तिरुलडीह स्थित हुसैनी मस्जिद में अंजुमन कमिटी के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने एक- दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ मांगी. इस दौरान पूरे इलाके में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला.

इस मौके पर अंजुमन कमिटी के सदस्यों ने सभी लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सद्भाव और एकता बनाए रखने का संदेश दिया. मस्जिद परिसर में नमाजियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. ईद के इस मौके पर बच्चों में खास उत्साह देखा गया. लोगों ने अपने घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए और एक- दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं. कुल मिलाकर तिरुलडीह में ईद का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया.

