जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया. यात्रियों और रेलकर्मियों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं माना.



बताया जा रहा है कि युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है. युवक ट्रेन की छत पर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया. करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा.
हादसे के बाद रेलकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे कभी भी खड़ी ट्रेन की छत पर न चढ़ें. रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले हाईटेंशन तार बेहद खतरनाक होते हैं और इनके संपर्क में आने से जान भी जा सकती है.





