
चांडिल: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के बाबूडीह–चौका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बाबूडीह निवासी मकर महतो के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.


परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बांदावीर गांव निवासी प्रफुल्ल महतो मकर महतो को मोटरसाइकिल से अपने साथ लेकर गए थे. परिवार को बताया गया था कि वे जल्द वापस लौट आएंगे. हालांकि काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की.
इसी दौरान दोपहर बाद ग्रामीणों ने बाबूडीह–चौका मुख्य सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मकर महतो के रूप में की. इसके बाद घटना की जानकारी तिरुलडीह थाना पुलिस को दी गई.
मृतक की पत्नी सुभद्रा महतो ने तिरुलडीह थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जिन लोगों के साथ उनके पति घर से निकले थे, उनके लौटने से पहले ही मकर महतो का शव बरामद हो गया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इधर, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर






