
जामताड़ा: जामताड़ा और कर्माटांड़ के बीच कालाझरिया पेट्रोल पंप के सामने से आईआरबी-1 झिलुवा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है. यह मार्ग क्षेत्र के लगभग 50 से 60 गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं.


स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क की जर्जर हालत से वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, मरीजों तथा आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है. कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है.
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. लगातार उपेक्षा के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो जनता इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी. लोगों ने जिला प्रशासन से भी मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत सुनिश्चित कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






