सोनुआ: प्रखंड के चांदनी चौक स्थित जेएसएलपीएस के जय जगन्नाथ स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदी ललिता देवी की राखी दुकान का मंगलवार को उद्घाटन किया गया. पोड़ाहाट पंचायत के मुखिया जोसेफ मुर्मू ने बतौर मुख्य अतिथि विधिवत फीता काटकर दुकान का शुभारंभ किया.


उद्घाटन समारोह के दौरान जेएसएलपीएस के अधिकारियों और स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने ललिता देवी के स्वरोजगार के प्रयास की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर मुखिया जोसेफ मुर्मू ने कहा कि महिलाओं का इस तरह आत्मनिर्भर बनना समाज और क्षेत्र के विकास के लिए सराहनीय कदम है. महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलता है.

कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की समिता सामड (सीसी), सुखदेव कोड़ाह (एफटीसी), बसंती कोड़ाह, राजेश कुजूर, संयुक्ता नायक, सुनीता टोपनो, रेखा देवी सहित कई अन्य दीदियां और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

