चाईबासा: केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लागू किए गए खान एवं खनिज विकास विनियमन संशोधन विधेयक 2026 (एमएमडीआर) के विरोध में गांव-गांव जन-जागरण अभियान चलाने और धरना-प्रदर्शन करने की रणनीति को लेकर झामुमो सोनुआ प्रखंड कमेटी की बैठक मंगलवार को सोनुआ में आयोजित की गई.


बैठक में एमएमडीआर विधेयक को काला कानून बताते हुए इसके विरोध में आगामी 7 सितंबर को सोनुआ प्रखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही गांव-गांव में जन-जागरण अभियान चलाकर लोगों को एमएमडीआर विधेयक के संभावित नुकसान की जानकारी देने और विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए जागरूक करने की रणनीति बनाई गई.

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जन-जागरण अभियान के माध्यम से लोगों को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस दौरान संगठन को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई.
बैठक की अध्यक्षता झामुमो सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो ने की. बैठक में झामुमो जिला कमेटी के दीपक प्रधान और राहुल आदित्य के अलावा संजय जामुदा, उवन महतो, रीना कालिंदी, हेमंत सोरेन, अमीन माझी, जानकी हेम्ब्रम, रौशन, मांगता सुंडी, रामराय बोयपोय, जोटो सुरीन, यदुपति प्रधान और अश्विन महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट. जयंत प्रमाणिक

