सरायकेला: झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावाँ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने किया.


प्रतियोगिता का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा. इसमें जिले के सभी प्रखंडों की अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग की एक-एक टीम भाग ले रही है.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन. टीम भावना. नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया. साथ ही कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और विद्यालय स्तर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं.
जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि सुब्रतो कप प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है. विभाग विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.
कार्यक्रम में सरायकेला विधानसभा विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य. जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी. विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक. खेल शिक्षक.
प्रशिक्षक. खिलाड़ी. स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

