
कटिहार: जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने निजी फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 60 हजार रुपये लूट लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


जानकारी के अनुसार, भारत फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट सोनू गांवों से ग्राहकों के पास से राशि वसूल कर मनिहारी लौट रहा था.
इसी दौरान आईटीआई के पास पहले से घात लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
मनिहारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी.) बिनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया. मामले की जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच जारी है.





