सरायकेला: स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर पंचायत सरायकेला के सफाई कर्मियों को बुधवार को सम्मानित किया गया. सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह में उन्हें माला पहनाकर सम्मानित करने के साथ पीपीई किट और अन्य सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए. हालांकि, सम्मान समारोह के बीच सफाई कर्मियों की तीन महीने से लंबित वेतन की समस्या एक बार फिर सामने आई. कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने घर का राशन, बच्चों की स्कूल फीस, किराया और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में परेशानी हो रही है.


स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नगर पंचायत सरायकेला की ओर से टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया और उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए. कार्यक्रम में सफाई कर्मियों के योगदान और उनकी सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई.
तीन महीने से भुगतान नहीं होने का दावा
सफाई कर्मियों के अनुसार वे प्रतिदिन शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं. गर्मी, बारिश और अन्य विपरीत परिस्थितियों में भी वे नियमित रूप से अपने कार्य में जुटे रहते हैं. इसके बावजूद पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है.
कर्मियों का कहना है कि लगातार भुगतान लंबित रहने से घर चलाना मुश्किल हो गया है. राशन दुकानदारों से उधार लेना पड़ रहा है, जबकि बच्चों की स्कूल फीस सहित अन्य जरूरी खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं. उनका कहना है कि सम्मान मिलने से खुशी जरूर हुई, लेकिन समय पर वेतन मिलना उनके लिए सबसे बड़ी जरूरत है.
अध्यक्ष ने सोमवार तक दो माह के भुगतान का दिया भरोसा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सफाई मित्रों को शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताया. उन्होंने कहा कि कोरोना काल से लेकर भीषण गर्मी, बारिश और ठंड के दौरान भी सफाई कर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है.
अध्यक्ष ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही और उन्हें सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए कार्य करने की सलाह दी. उन्होंने दो महीने के लंबित मानदेय का भुगतान सोमवार तक किए जाने का भरोसा भी दिया. हालांकि, सफाई कर्मियों का कहना है कि उनका भुगतान तीन महीने से लंबित है. ऐसे में अब उनकी नजर सोमवार को होने वाले भुगतान पर है.
सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के लिए लगातार मेहनत करते हैं. उनके योगदान का सम्मान करना नगर पंचायत और समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने नगर प्रबंधक को सफाई मित्रों को सरकार की विभिन्न लाभकारी और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद शांति गोड़सेरा और सुषमा तियु, नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान, सुमित सुमन, सीएमएम मनी मुकुट, कनीय अभियंता विक्की गोप, चांदनी मिंज, सफाई सुपरवाइजर बबन समीर, बीआईयू बजरंग महांती सहित नगर पंचायत के पदाधिकारी, कर्मी और सफाई मित्र मौजूद थे. कार्यक्रम का आयोजन स्वच्छता ही सेवा 2026 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया.
सफाई कर्मियों का कहना है कि सम्मान और सुरक्षा उपकरण जरूरी हैं, लेकिन उनके लिए समय पर वेतन का भुगतान भी उतना ही महत्वपूर्ण है. अब देखना होगा कि नगर पंचायत की ओर से सोमवार तक दो महीने के भुगतान का दिया गया भरोसा कितना पूरा होता है और शेष बकाया राशि का भुगतान कब तक किया जाता है.
प्रमोद सिंह: संपादक

