
सरायकेला: जिले में महिला फुटबॉल को नई पहचान देने की दिशा में रविवार को खरसावां स्थित अर्जुना स्टेडियम में महिला फुटबॉल अकादमी के लिए चयन शिविर आयोजित किया गया. शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं 72 महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रदर्शन, तकनीकी कौशल और शारीरिक क्षमता के आधार पर 25 खिलाड़ियों का प्रथम चरण में चयन किया गया.


चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई. चयनित खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, फिटनेस और तकनीकी दक्षता से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी दूसरे चरण के ट्रायल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
अकादमी के लिए दूसरे चरण का चयन शिविर 19 जुलाई को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा. अंतिम चयन के बाद खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, आधुनिक फुटबॉल तकनीकों का मार्गदर्शन तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
चयन शिविर में फुटबॉल विशेषज्ञ मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी, पोलूस नाग और चंद्र मोहन सोय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन किया. पूरे आयोजन के दौरान युवा खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
आयोजकों ने विश्वास जताया कि खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी भविष्य में जिले की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा सरायकेला- खरसावां को खेल जगत में नई पहचान दिलाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





