
सरायकेला: झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, सरायकेला- खरसावां शाखा के तृतीय जिला सम्मेलन में कर्मचारियों की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला. सम्मेलन में नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया और कर्मचारियों के अधिकारों, सेवा सुरक्षा तथा लंबित मांगों को लेकर मजबूती से संघर्ष करने का संकल्प लिया गया.


सम्मेलन में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है. उन्होंने कर्मचारियों की भूमिका को जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया.
सम्मेलन में जिले के विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया. इस दौरान सेवा शर्तों में सुधार, वेतन विसंगतियों, पदोन्नति, लंबित मांगों के समाधान, कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा संगठन के विस्तार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
कार्यक्रम में राज्य महासंघ के महामंत्री वीरेन्द्र कुमार यादव, राज्य अध्यक्ष रविन्द्र नाथ ठाकुर, मुख्य संरक्षक रामाधर शर्मा, अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ की उपाध्यक्ष शर्मिला ठाकुर, संरक्षक अनील कुमार सिंह, जिला मंत्री राजेश कुमार द्विवेदी, जिला अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया.
सम्मेलन में विजय कुमार को जिला अध्यक्ष, अमर प्रमाणिक को वरीय उपाध्यक्ष तथा राजेश कुमार द्विवेदी को जिला मंत्री चुना गया. इसके अलावा विभिन्न पदों पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया.
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि संगठन कर्मचारियों के हितों से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाएगा और जिले के प्रत्येक विभाग तक संगठन को सशक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा. सम्मेलन का समापन कर्मचारी एकता, संगठन की मजबूती और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ.
प्रमोद सिंह (संपादक)





