राजनगर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.


ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ. इस दौरान कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान में सलामी दी. पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा.
मौके पर बीडीओ मलय कुमार ने प्रखंडवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है. उनके संघर्ष और बलिदान को याद रखना हम सभी का कर्तव्य है. उन्होंने लोगों से आपसी एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना के साथ समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की.

