सरायकेला: नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. लंबे समय से बस्तीवासियों के विरोध के कारण रुका हुआ तीसरे फीडर का कार्य अब पुनः शुरू होने की संभावना बन गई है. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के लगातार प्रयासों और विद्युत विभाग के साथ समन्वय के बाद मामले में सकारात्मक पहल सामने आई है.

वर्तमान में नगर क्षेत्र में मात्र दो फीडरों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण ओवरलोड, बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं. RDDS योजना के तहत तीसरे फीडर के लिए 33 हजार लाइन से नई लाइन खींचने का प्रस्ताव था, लेकिन राजबंध बस्ती क्षेत्र में स्थानीय विरोध के कारण कार्य लंबे समय से बाधित था.
बताया गया कि विद्युत विभाग ने बस्तीवासियों की आपत्तियों को दूर करने और समाधान निकालने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था. इसके बाद अध्यक्ष चौधरी ने राजबंध बस्तीवासियों, जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षद ज्योति साहू के साथ बैठक आयोजित की. बैठक में विद्युत विभाग की ओर से सहायक अभियंता संजय सवैया, जूनियर अभियंता कुणाल प्रजापति, संबंधित संवेदक तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
बैठक के दौरान बस्तीवासियों ने 33 हजार लाइन से संभावित जान-माल के खतरे को लेकर चिंता जाहिर की. इस पर विभागीय अभियंताओं ने सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य कराने का आश्वासन दिया.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं को भी बाधित नहीं होने दिया जा सकता. सुरक्षा और सुविधा दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना आवश्यक है.
बैठक के बाद आपसी सहमति बनी और आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ कार्य आगे बढ़ाने पर सकारात्मक निर्णय लिया गया. मनोज चौधरी ने कहा कि तीसरे फीडर के शुरू होने के बाद नगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा और ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज तथा ओवरलोड की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी.

