सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने क्रमवार सभी आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.

जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत लाल बिल्डिंग के समीप सड़क अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत प्रमुख रूप से उठाई गई. वहीं चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति और संपर्क पथ की मरम्मत की मांग भी लोगों ने रखी. इसके अलावा धान अधिप्राप्ति, राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन तथा ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने को लेकर भी आवेदन दिए गए.
जनता दरबार में अवैध बालू उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी उठी. वहीं राजनगर प्रखंड में जच्चा- बच्चा मृत्यु प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम एवं अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भी आवेदन प्रस्तुत किया गया. आदित्यपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र मांझी टोला में सेविका चयन में अनियमितता का मामला भी उपायुक्त के समक्ष पहुंचा.
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति एवं जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई मामलों पर भी लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं. प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

