सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल- भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना- सोबरन धोती- साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई- केवाईसी, डीलर टैगिंग/ री-टैगिंग, NFSA अंतर्गत खाद्यान्न वितरण, नमक वितरण तथा धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान की बिंदुवार समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाना है. उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का समय पर वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. साथ ही ई- केवाईसी कार्य में तेजी लाकर शत- प्रतिशत कार्डधारियों का ई- केवाईसी पूरा करने तथा नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर कार्य पूर्ण करने को कहा गया.
लंबे समय से राशन नहीं उठाने वाले या ई- केवाईसी में सहयोग नहीं करने वाले लाभुकों की जांच कर नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया गया. इसके साथ ही आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य भी शत- प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया गया.
उपायुक्त ने गम्हरिया एवं आदित्यपुर क्षेत्र में सभी राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित कर सघन जांच कराने के निर्देश दिए. जिन डीलरों का वितरण प्रतिशत कम है, उनके निरीक्षण और कारणों के विश्लेषण का भी निर्देश दिया गया. सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण करने, स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने तथा किसी भी अनियमितता पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा नमक, चीनी सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों के लंबित वितरण कार्य को समय सीमा में पूरा करने तथा गोदामों में खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा समेत सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे.

