जमशेदपुर: जवाहर नवोदय विद्यालय बहरागोड़ा में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बतौर अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक में विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की सुरक्षा, बजट उपयोग और चयन परीक्षा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई.

उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय और छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास और करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर बल दिया.

उपायुक्त ने कहा कि नवोदय विद्यालयों में ग्रामीण परिवेश के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया.

विद्यालय आगमन पर छात्रों ने बैंड पार्टी, सामूहिक गान और शॉल व पुष्प गुच्छ देकर उपायुक्त का स्वागत किया. इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट कक्षाओं, खेल मैदान और शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने शिक्षकों की कमी दूर करने और छात्रों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए बहरागोड़ा के एमओआईसी को हेल्थ कार्ड अपडेट करने का निर्देश दिया.
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुण्डा, एमओआईसी बहरागोड़ा सहित विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

