चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है. जहां एलजीएसएम की सक्रिय सदस्य मोण्गडी होनहागा (19 वर्ष), ने पड़ोसी राज्य राउरकेला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है.

जानकारी के अनुसार मोण्गडी होनहागा छोटानागरा थाना क्षेत्र के होलोमुली गांव की निवासी है, जो सारंडा के संरक्षित जंगल क्षेत्र में स्थित है. इस क्षेत्र में भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियां लंबे समय से जारी रही हैं. बताया जाता है कि गांव में नक्सलियों के संपर्क में आने के बाद उसे संगठन में शामिल किया गया. अनमोल उर्फ सुशांत के दस्ते ने उसे और अन्य युवकों को संगठन में भर्ती किया. इस दौरान एसीएम जयकांत उर्फ गुंगा, बिरसा उर्फ जालुए और मुनिराम भी भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय रहे.
21 जनवरी 2026 को कुमडिही जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ के दौरान वह अपने साथियों के साथ जंगल में भाग निकली थी. इसके बाद भी वह अनमोल के दस्ते के साथ सक्रिय रही और बैंको पत्थर खान विस्फोटक लूट जैसी घटनाओं में शामिल रही.
पुलिस के अनुसार राउरकेला पुलिस ने उससे संपर्क स्थापित किया, जिसके बाद माओवादी विचारधारा से निराशा, संगठन में शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न और ओडिशा सरकार की आत्मसमर्पण नीति के प्रभाव से उसने सरेंडर करने का निर्णय लिया.
पुलिस का कहना है कि यह आत्मसमर्पण नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता है और सुरक्षा बल क्षेत्र से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं.

