
सरायकेला: झारखंड आंदोलनकारी, शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया.


मुलाकात के दौरान प्रो. सोरेन ने आगामी रथ यात्रा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए.
उन्होंने जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विशेष अभियान चलाकर दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई. खासकर राजनगर क्षेत्र में नियमित वाहन जांच, नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की.
प्रो. कालीपद सोरेन ने अपराध नियंत्रण के मुद्दे पर भी चर्चा करते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में वह पुलिस प्रशासन को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और यदि आम नागरिक भी पुलिस का सहयोग करें तो अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना और अधिक प्रभावी होगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)





