सरायकेला- खरसावां: जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरा कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई. रोल ऑब्जर्वर सह प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR की प्रगति, निर्वाचक सत्यापन और दावा- आपत्ति की स्थिति की समीक्षा की गई.


बैठक में सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
कपाली पर चंपाई का सवाल- खतियानधारी आदिवासियों के नाम कहां गए ?
बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन में सावधानी बरतने पर जोर दिया. इसी क्रम में उन्होंने कपाली नगर परिषद क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल उठाए. चंपाई सोरेन ने कपाली में SIR के दौरान कथित रूप से आदिवासी मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने सवाल किया कि कपाली के खतियानधारी आदिवासी मतदाताओं के नाम आखिर किस आधार पर काटे गए और क्षेत्र की डेमोग्राफी में इतना बदलाव कैसे आया ?उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से आदिवासी मतदाताओं के नाम कम होने की बात सामने आ रही है, उससे डेमोग्राफी में साजिश के तहत बदलाव किए जाने की आशंका पैदा होती है. उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने और प्रत्येक मामले की जांच कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी योग्य एवं वास्तविक मतदाता का नाम सूची से बाहर न रहे. चंपाई सोरेन ने साथ ही कहा कि किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए और कोई भी योग्य मतदाता अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए. पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए.
15 सितंबर तक दावा- आपत्ति, 19 अक्टूबर को अंतिम सूची
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है. दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर तक निर्धारित है. अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

बैठक में घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्र, ASDDF सूची के सत्यापन तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों के निष्पादन की प्रगति की भी जानकारी दी गई. राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR को लेकर अपनी शंकाएं और सुझाव रखे. संबंधित अधिकारियों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया.
आयुक्त ने कहा- योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटे
प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया में BLO और BLA-2 की महत्वपूर्ण भूमिका है. प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा में शेष कार्य पूरा किया जाए.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का नियमानुसार सत्यापन और निष्पादन हो. पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. जिले के मतदाताओं से भी SIR में सक्रिय भागीदारी करने और सत्यापन अथवा दावा-आपत्ति से संबंधित सूचना मिलने पर निर्धारित समय के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई.
सरायकेला प्रखंड कार्यालय में हियरिंग का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने सरायकेला प्रखंड कार्यालय पहुंचकर SIR-2026 के तहत चल रहे दावा- आपत्ति की हियरिंग एवं जनसुनवाई का निरीक्षण किया. उन्होंने BLO और संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त मामलों, उनके सत्यापन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली. आयुक्त ने निर्देश दिया कि हियरिंग के दौरान मतदाताओं की बात सुनी जाए और उनके दस्तावेजों एवं अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर योग्य मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में न रहे.

