
सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को गति देने के उद्देश्य से 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने शुक्रवार को खूंटपानी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.


निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या 83, 84, 93, 94 एवं 96 पर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, घर-घर सत्यापन, डिजिटाइजेशन तथा अन्य पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया गया. डिजिटाइजेशन कार्य में हो रही देरी पर उन्होंने संबंधित बीएलओ (BLO) से कारण पूछे और सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
अपर उपायुक्त ने विभागीय रजिस्टर के आधार पर 20 जुलाई तक ASDD Voters की सूची तैयार कर उसका डिजिटाइजेशन पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक से संबंधित सभी कार्य समय पर संपन्न हो सकें.

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए. इसके लिए गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संकलन, अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए.
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि SIR-2026 लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है. सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील की कि वे गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन की मदद करें.
निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, स्थानीय मुखिया तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.





