
जमशेदपुर: साइबर अपराध थाना पुलिस ने NGO को CSR फंड दिलाने का झांसा देकर करीब 3 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को आदित्यपुर से गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी.


सिटी एसपी ने बताया कि रीना पाण्डेय नामक महिला के लिखित आवेदन के आधार पर जमशेदपुर साइबर अपराध थाना कांड संख्या-52/2026 दिनांक 18 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4), 319(2), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) एवं 66(D) के तहत दो नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था.
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने HOPE- HELP FOR ALL FOUNDATION को CSR फंड दिलाने का लालच देकर संस्था के नाम से एक्सिस बैंक का करंट अकाउंट खुलवाया. इसके बाद सत्यापन के नाम पर खाते से संबंधित चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया. जांच में सामने आया कि मात्र पांच दिनों के भीतर उक्त खाते में करीब 3 करोड़ रुपये का जमा और निकासी कर संगठित साइबर अपराध को अंजाम दिया गया.
अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि नामजद आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु ने 22 दिसंबर 2025 को NGO प्रतिनिधि को बहला- फुसलाकर बैंक खाते से संबंधित चेकबुक और सिम कार्ड लेकर लखनऊ (उत्तर प्रदेश) पहुंचा, जहां अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस साइबर ठगी को अंजाम दिया. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अक्टूबर 2025 में ही पीड़िता की ई-मेल आईडी और इंटरनेट बैंकिंग का एक्सेस अपने मोबाइल फोन पर ले लिया था.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमन कुमार सिंह उर्फ रघु (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. वह मूल रूप से देवरिया (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है तथा वर्तमान में हरिओम नगर, आदित्यपुर में रह रहा था. गिरफ्तार आरोपी के पास से विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.





