सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजते हुए आवश्यक निर्देश दिए.


जनता दरबार में सेविका चयन से जुड़े विवाद, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं संशोधन, वृद्धावस्था पेंशन, पैतृक भूमि की ऑनलाइन प्रविष्टि, भूमि अभिलेखों में सुधार, बिजली के खंभों से झूल रहे तारों की मरम्मत तथा पेसा नियमावली से संबंधित मामलों सहित विभिन्न विभागों के आवेदन प्राप्त हुए.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके.
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. प्रशासन जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है.





