
सरायकेला: जिले के सीनी ओपी क्षेत्र स्थित खजूर बागान में मंगलवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान के सैप्टिक टैंक से अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.


जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन मकान के सैप्टिक टैंक में एक महिला का शव तैरता देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना सीनी ओपी पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. मामले की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान तरुण कविराज का है. रविवार से मकान में निर्माण कार्य बंद था. मंगलवार को जब मजदूर और अन्य लोग काम शुरू करने पहुंचे तो सैप्टिक टैंक में शव देखकर अफरा-तफरी मच गई.
फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





