
पटना: जिले के दानापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दानापुर रेलवे स्टेशन और सगुना मोड़ के बीच स्थित होटल ड्रैगन में छापेमारी कर कथित रूप से संचालित संगठित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि एक महिला दलाल, दो महिलाओं, होटल संचालकों, होटल कर्मियों और छह ग्राहकों सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है.


पुलिस के अनुसार, होटल में संगठित रूप से देह व्यापार संचालित होने की गुप्त सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर खगौल थाना की पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया. कार्रवाई को विधिसम्मत बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को सूचित किया गया, जिनके निर्देश पर एक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई. दंडाधिकारी की मौजूदगी में होटल में छापेमारी की गई.
प्रारंभिक जांच में होटल में संगठित तरीके से देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीन नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके अलावा एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोलकाता से आई दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है.
छापेमारी के दौरान होटल के दोनों संचालकों, होटल स्टाफ और मौके पर मौजूद छह ग्राहकों को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने होटल से 40 हजार रुपये नकद, बड़ी मात्रा में प्रयुक्त एवं अप्रयुक्त कंडोम तथा शक्तिवर्धक दवाइयां बरामद की हैं.
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा. वहीं, रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण तंत्र के माध्यम से सुरक्षित संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है.
कार्रवाई के बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में होटल को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सील कर दिया गया है. मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी-2 दानापुर अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.





