
सरायकेला: गम्हरिया प्रखंड गोदाम में हाल ही में हुई चोरी की घटना के बाद मंगलवार को सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश ने गोदाम पहुंचकर पूरे मामले का जायजा लिया. उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के साथ गोदाम का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ चोरी से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली.


निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने गोदाम में रखे खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की भी स्थिति देखी. हाल के दिनों में सामने आए खराब दाल के मामले को लेकर भी उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से जानकारी ली. इस पर आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जितनी दाल खराब होने की बात सामने आई थी, वास्तविक स्थिति वैसी नहीं थी. उनके अनुसार केवल एक-दो पैकेट दाल खराब पाए गए थे, जिन्हें बाद में बदल दिया गया. हालांकि, इस मामले को लेकर सामने आई तस्वीरों में अधिक मात्रा में दाल खराब होने का दावा किया गया था.
एसडीओ ने हाल में हुई चोरी की घटना को लेकर भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि चोर इनवर्टर, बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे. इसके अलावा गोदाम में लगी वजन करने वाली मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था.
प्रशासन के अनुसार, चोरी के मामले की जांच पुलिस कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है. वहीं निरीक्षण के दौरान गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी चर्चा की गई.





