
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘डिवाइस’ अभियान के तहत खरसावां थाना पुलिस ने चार गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. लंबे समय से मोबाइल खोने की चिंता में परेशान लोगों के चेहरे अपने मोबाइल वापस मिलते ही खुशी से खिल उठे. सभी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.


खरसावां थाना पुलिस ने केंद्रीय उपकरण पहचान पंजीकरण प्रणाली (CEIR) की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन का सफलतापूर्वक पता लगाया. आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित वापस सौंप दिए गए.
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका गुम हुआ मोबाइल इतनी जल्दी मिल जाएगा. उन्होंने खरसावां पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आम लोगों के लिए काफी राहत देने वाला साबित हो रहा है.
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल की सूचना मिलते ही पुलिस तकनीकी सहायता के माध्यम से उसकी ट्रैकिंग शुरू कर देती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर बिना देर किए निकटतम थाना में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर भी आवश्यक जानकारी दर्ज कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके.
उन्होंने कहा कि खरसावां पुलिस आम जनता की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. भविष्य में भी ‘डिवाइस’ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस दिलाए जा सकें.
प्रमोद सिंह (संपादक)





