
सरायकेला: जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क पर अचानक आई एक बकरी को बचाने के प्रयास में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बाइक सवार पति- पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बैठा चार वर्षीय पुत्र चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया. स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.


घटना सीनी ओपी क्षेत्र के बांकसाई गांव के समीप की है. घायलों की पहचान बाघरायडीह निवासी गणेश कालिंदी (26) और उनकी पत्नी पूजा कालिंदी (21) के रूप में हुई है. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पूजा कालिंदी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया.
बताया गया कि गणेश कालिंदी अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटे के साथ बाइक से केंद्रोई गांव स्थित अपनी साली के घर जा रहे थे. सुबह करीब 10 बजे बांकसाई गांव के पास अचानक एक बकरी सड़क पर आ गई. उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई.
हादसे में गणेश कालिंदी के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पूजा कालिंदी के सिर में गंभीर चोट लगी है. राहत की बात यह रही कि उनका चार वर्षीय पुत्र पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई.
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया. यह हादसा एक बार फिर सड़क पर अचानक आने वाले मवेशियों से होने वाले दुर्घटना के खतरे की ओर ध्यान दिलाता है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





