
सरायकेला: जिले की संजय नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. शनिवार को नदी में नहाने गए एक प्राइवेट शिक्षक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. करीब 18 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद रविवार को स्थानीय लोगों ने नदी से शव बरामद किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.


मृतक की पहचान गम्हरिया प्रखंड के धातकीडीह निवासी जीतेन महतो (35) के रूप में हुई है. बताया गया कि वह शनिवार को अपने साढ़ू और साले के साथ संजय नदी में नहाने गए थे. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में डूब गए. साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
घटना की सूचना पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया. एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को नदी से शव बाहर निकाल लिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने का प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





