सरायकेला: थाना अंतर्गत बांधडीह पंचायत के भालुबासा गांव स्थित बांधडीह चौक पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में संजीप महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.


मिली जानकारी के अनुसार, संजीप महतो अपने पिता को गम्हरिया स्थित अपने मामा के घर छोड़ने गया था. पिता को छोड़कर वह वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बांधडीह चौक के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जांच शुरू कर दी है.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है. वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही संजीप के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
संपादक: प्रमोद सिंह

