सरायकेला: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. रविवार देर रात ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे बिजली विभाग के 24 वर्षीय कर्मी गुरु सरदार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.


जानकारी के अनुसार गुरु सरदार सरायकेला बिजली विभाग में कार्यरत थे और रविवार रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर साहेबगंज स्थित घर लौट रहे थे. रात करीब 11:30 बजे जब वह डीसी कार्यालय के समीप टीवीएस शोरूम के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से जा टकराई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी तेज थी. हादसे के बाद युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची सरायकेला थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया, लेकिन तब तक गुरु सरदार की मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े भारी वाहन और रात के समय दृश्यता की कमी को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है.
गुरु सरदार की मौत की खबर मिलते ही बिजली विभाग में शोक की लहर दौड़ गई. सहकर्मियों ने उन्हें मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार कर्मचारी बताया. कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेतकों के खड़े भारी वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और मुख्य सड़कों पर इस तरह खड़े वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



