बिहार: शेखपुरा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. जहां रविवार को हथियारबंद बदमाशों ने गन पॉइंट पर एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.


जानकारी के अनुसार शहर के बगालीपर निवासी स्वर्ण व्यवसायी अभिषेक कुमार वर्मा अरियरी थाना क्षेत्र के फरपर स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान शेखपुरा आढ़ा रोड पर नवीनगर-ककड़ार गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया.
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी की बाइक रुकवाई और पिस्तौल तानकर उनके पास मौजूद जेवरात से भरा बैग छीन लिया. बैग में करीब 55 ग्राम सोना और लगभग दो किलोग्राम चांदी के आभूषण रखे हुए थे. लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी.
मामले को लेकर एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी से लूट की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और इन्हीं के आधार पर अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने कहा कि पीड़ित द्वारा अभी तक लूटे गए सामान की विस्तृत सूची पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद जिले के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.



