जामताड़ा: जिले के रूपनारायणपुर सब्जी बाजार में रविवार की आधी रात भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया. अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बाजार की 16 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.


जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत मछली बाजार के समीप स्थित एक स्टॉल से हुई. बाजार में बड़ी मात्रा में रखे चावल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी और आसपास के लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए.
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचने में करीब आधा घंटा देर से पहुंचीं. इस दौरान आग लगातार फैलती रही. वहीं बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को राहत और बचाव कार्य में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. चूंकि आग देर रात लगी, इसलिए बाजार में लोगों की मौजूदगी नहीं थी और एक बड़ा हादसा टल गया.
हालांकि आग में दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. कई व्यापारियों की वर्षों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख में बदल गई. घटना के बाद प्रभावित व्यापारियों में भारी मायूसी और आक्रोश देखा गया.
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं. नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. व्यापारियों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और सहायता की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



