खूंटी: जिले के मुरहू में रामनवमी जुलूस के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पथराव के कारण कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा.


जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान कुछ लोगों को पत्थर लगने की बात सामने आई, जिसके बाद तनाव की स्थिति बन गई. रातभर स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी. शनिवार सुबह हालात और बिगड़ गए, जब दो समुदाय आमने- सामने आ गए. कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ. घटना के दौरान इलाके में अफरा- तफरी मच गई, लोग जान बचाने के लिए इधर- उधर भागते नजर आए और दुकानों के शटर बंद हो गए.
घटना में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है. बाइक के हिस्से टूटे पाए गए, जबकि कारों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए. सूचना मिलते ही पुलिस- प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में बल तैनात किया गया. एसडीओ दीपेश कुमारी खुद मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति की निगरानी करती रहीं.
सुरक्षा के मद्देनजर वज्र वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स, वाटर कैनन और आंसू गैस के साथ व्यापक इंतजाम किए गए. आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुरहू मुख्य सड़क पर बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जिससे किसी भी तरह की भीड़ पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.



