आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 17 स्थित प्रभात पार्क में तेजस्विनी महिला संगठन की ओर से 80वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत और इसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन किया गया.


अपने संबोधन में प्रो. के.पी. सोरेन ने संगठन की महिला सदस्यों एवं स्थानीय लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने महिलाओं को समर्पित तेजस्विनी महिला संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए संस्था की अध्यक्ष सह स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की.

उन्होंने कहा कि नीतू शर्मा अपने जुझारूपन और सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने मेडिकल छात्रों के अध्ययन के लिए देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए नीतू शर्मा हमेशा आगे रहती हैं. महिलाओं का नेतृत्व करते हुए समाज का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
प्रो. सोरेन ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी ली और सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग दिलाने का भरोसा दिया.
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया. संस्था की अध्यक्ष नीतू शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की मदद करना है. उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने की बात कही.
समारोह में लता गुड़िया, सपना, संगीता, सुमन, एनिमा, राखी, रेखा, संजना, डोली, जानवी, अर्पिता, डेजी, राजेश कुमार, मनोज अग्रवाल, जतन कुमार, विकास प्रसाद, गुड़िया गुप्ता, अरविंद कुमार सिंह, अशोक प्रसाद सिंह, जितेंद्र कुमार, रघुपति, हर्षवर्धन, राजेश कुमार अग्रवाल, किरण शर्मा, पिंकी ठाकुर, पवन शाह समेत संगठन की सदस्याएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Edited By Indrakant

