सरायकेला: जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान ओडिशा के मयूरभंज जिले के मधुआ (तुरीबासा) निवासी बिष्णु बिरुली के रूप में हुई है.



जानकारी के अनुसार बिष्णु बिरुली अपनी मोटरसाइकिल से राजनगर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान आगे चल रहे एक ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. जिससे पीछे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर टेंपो के पिछले हिस्से से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज शुरू किया. अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना घायल के परिजनों को भी दे दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार. दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस जांच में जुट गई है. फरार चालक और वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





