सरायकेला: रथ मेले की भारी भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़े तीन वर्षीय मासूम कृष्ण महतो को सरायकेला पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिवार से मिला दिया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘मिलाप’ अभियान के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार की चिंता को खुशी में बदल दिया.



जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासी अमित महतो अपने तीन वर्षीय पुत्र कृष्ण महतो को उसकी मां के साथ रथ मेला घुमाने लाए थे. मेले की भीड़ के दौरान बच्चा अपनी मां से बिछड़ गया और भटकते हुए मुख्य सड़क की ओर पहुंच गया. उधर परिजन बच्चे की तलाश में परेशान हो गए.
इसी बीच गश्ती के दौरान सरायकेला थाना पुलिस की नजर अकेले घूम रहे मासूम पर पड़ी. पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित थाना लेकर आए, उसे भोजन कराया और उसकी पहचान कर परिजनों की तलाश शुरू की. लगातार प्रयास के बाद करीब दो घंटे के भीतर बच्चे के परिवार का पता लगाकर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने अपील करते हुए कहा कि रथ मेला जैसे बड़े आयोजनों में अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उनका हाथ न छोड़ें. यदि कोई बच्चा बिछड़ जाए तो घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या थाना को सूचना दें. उन्होंने कहा कि ‘मिलाप’ अभियान का उद्देश्य गुमशुदा बच्चों और लोगों को जल्द से जल्द उनके परिजनों से मिलाना है और सरायकेला पुलिस इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है. पुलिस की इस मानवीय पहल पर बच्चे के परिजनों ने सरायकेला पुलिस का आभार जताया और त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
प्रमोद सिंह (संपादक)





