आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आरआईटी मोड़ के समीप सोमवार सुबह करीब 7 बजे दो दोस्तों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. घटना में विशु महतो नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर किया गया. फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.



पुलिस के अनुसार घायल विशु महतो और आरोपी राहुल हेंब्रम दोनों आपस में दोस्त हैं. दोनों मूल रूप से राजनगर के रहने वाले हैं और फिलहाल मिरूडीह में रह रहे थे. दोनों के बीच करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था.
बताया जा रहा है कि राहुल हेंब्रम अपने रुपये वापस मांग रहा था. उसने विशु से पैसे नहीं मिलने पर बाइक या मोबाइल देने की बात कही थी. रविवार शाम विशु ने अपना मोबाइल राहुल को दे दिया था. सोमवार सुबह विशु ने राहुल को पैसे लेने के लिए आरआईटी मोड़ बुलाया. वहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर राहुल ने कथित तौर पर धारदार हथियार से विशु पर हमला कर दिया.
हमले में गंभीर रूप से घायल विशु को स्थानीय लोगों की मदद से पहले गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.





