सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला जिले की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब पवन कवि के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने सभी नव- शामिल कार्यकर्ताओं को पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत सदस्यता दिलाई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है.

अपने संबोधन में पवन कवि ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को देखा, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा में उनके समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और आम कार्यकर्ताओं की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया. उन्होंने यह भी कहा कि वे गांव- गांव जाकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करेंगे और समाज के हर वर्ग के अधिकार के लिए काम करेंगे.
वहीं हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है और पार्टी में हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है. उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं का शामिल होना यह दर्शाता है कि लोग विकास की राजनीति के साथ खड़े होना चाहते हैं.

इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर आए युवाओं ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास की कमी के आरोप लगाए. इस सामूहिक सदस्यता अभियान के बाद सरायकेला की राजनीति में भाजपा को मजबूती मिलने की चर्चा तेज हो गई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर आने वाले चुनावों पर पड़ सकता है.

