सरायकेला: थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर लहरी टोला में की गई छापेमारी में पुलिस ने बड़ी मात्रा में सिगरेट, तेल, नकदी, सिक्के और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान लहरी टोला निवासी साजिद खान उर्फ मुन्ना खान के रूप में हुई है.


चोरी के मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सूचना संकलन कर रही थी. इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर लहरी टोला स्थित आरोपी के पैतृक आवास पर छापेमारी की गई. यहां से विभिन्न कंपनियों की कुल 157 पैकेट सिगरेट और तेल बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने राजाबाड़ी के पीछे स्थित आरोपी के किराये के मकान की तलाशी ली. यहां से नकदी, खुदरा राशि, चांदी जैसे दिखने वाले आठ सिक्के तथा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले पेचकस, हथौड़ी और नोज प्लास बरामद किए गए. बरामदगी के बाद मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार कर लिया गया.
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने विल्स फ्लेक के 45 पैकेट, गोल्ड फ्लेक प्रीमियम के 28 पैकेट, गोल्ड फ्लेक इंडी मिंट के 74 पैकेट और मार्लबोरो फिल्टर बैक के 10 पैकेट बरामद किए. इसके अलावा डाबर सरसों-आंवला तेल 30 एमएल के छह पीस और निहार नेचुरल ऑयल 200/40 एमएल का एक पीस बरामद हुआ.
नकदी में 500 रुपये के 32 नोट यानी 16 हजार रुपये, 50 रुपये के 52 नोट यानी 2,600 रुपये तथा 736 रुपये की खुदरा राशि बरामद की गई. इसके साथ चांदी जैसे दिखने वाले आठ सिक्के, एक पेचकस, एक हथौड़ी और एक नोज प्लास भी पुलिस ने जब्त किया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ सरायकेला थाना कांड संख्या 04/18, दिनांक 14 जनवरी 2018 को धारा 461/379/511 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए लगातार सूचना संकलन और छापेमारी की गई. पुलिस ने घटना के करीब 24 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. साथ ही उसके ठिकानों से चोरी से संबंधित सामान और औजार बरामद किए गए.
उन्होंने कहा कि सरायकेला थाना क्षेत्र में चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सक्रिय है. अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने लोगों से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की.
छापेमारी दल में थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार आहूजा, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक ऋषि कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार, हवलदार राजेश उरांव और आरक्षी अनिल कुमार दास शामिल थे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

