
सरायकेला: बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सरायकेला समाहरणालय परिसर से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एलईडी जागरूकता रथ को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह जागरूकता रथ जिले के सभी नौ प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों को बेटियों के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा. कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.


इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को लिंग भेद, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह और बालिकाओं के प्रति भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का उज्ज्वल भविष्य उसकी बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सुरक्षा पर निर्भर करता है. बेटियों को समान अवसर देना केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है.
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी भ्रूण लिंग जांच या पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन जैसी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके. उन्होंने कहा कि यह जागरूकता रथ सिर्फ सरकारी योजनाओं का प्रचार नहीं करेगा, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा.
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक और समान दृष्टिकोण विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाया जा सकता है.
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने बताया कि एलईडी जागरूकता रथ जिले के सभी नौ प्रखंडों में एक-एक दिन भ्रमण करेगा. रथ के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर लघु फिल्में, जागरूकता संदेश और महिला सशक्तिकरण, बालिकाओं की शिक्षा, पोषण, सुरक्षा, कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रसारित की जाएंगी.
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे जागरूकता रथ के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बेटियों के सम्मान, समान अधिकार और सुरक्षित भविष्य के इस जनअभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुरुचि प्रसाद, महिला पर्यवेक्षिका सविता सिन्हा, नेहा कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)





