सरायकेला: जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बड़ा कदम उठाया है. बुधवार को जियाडा स्थित एसपी कैंप कार्यालय में मिडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने “स्पेशल-12 टास्क फोर्स” के गठन की घोषणा की. यह विशेष टीम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करेगी और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाएगी.



एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि स्पेशल-12 टास्क फोर्स में तेज-तर्रार और दक्ष पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को शामिल किया गया है. टीम का नेतृत्व मुख्यालय डीएसपी करेंगे. यह टीम स्थानीय थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
उन्होंने बताया कि जिले में लंबित वारंटों के निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. विभिन्न थानों में वारंटियों की गिरफ्तारी की समीक्षा के दौरान कमियां सामने आई हैं, जिसे दूर करने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा. कोर्ट से प्राप्त वारंट सूची के आधार पर स्पेशल-12 टीम सीधे कार्रवाई करेगी और फरार वारंटियों को कानून के दायरे में लाएगी.
आदित्यपुर से गम्हरिया तक CCTV का सुरक्षा कवच
एसपी ने बताया कि अपराध की रोकथाम में तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा. इसके तहत आदित्यपुर से गम्हरिया बाजार तक के मुख्य मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाया जाएगा. इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी आसान होगी.
होटलों और लॉज की होगी नियमित जांच
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले के होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच कराई जाएगी. वहां ठहरने वाले लोगों का सत्यापन कराया जाएगा ताकि कोई भी अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति इन स्थानों का दुरुपयोग न कर सके.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
एसपी ने कहा कि अपराध संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाई जाएगी. स्पेशल-12 टास्क फोर्स स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ऐसे इलाकों में लगातार निगरानी रखेगी, ताकि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने दोहराया कि सरायकेला- खरसावां पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जिले में कानून का राज कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.





