सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप बीते शनिवार को हुए जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की नृशंस हत्या मामले में एसपी द्वारा गठित एसआईटी को एक और बड़ी सफलता मिली है. एसआईटी ने कांड के अंतिम फरार आरोपी शिबू गोप को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.



गौरतलब है कि इससे पहले एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार अन्य आरोपियों प्रेम नायक, शिवम प्रामाणिक, संजय नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर रविवार को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड के सभी नामजद अभियुक्त अब पुलिस की गिरफ्त में हैं.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर एसडीपीओ शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) लगातार मामले की जांच कर रही है. शिबू गोप की गिरफ्तारी भी इसी विशेष अभियान का हिस्सा है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या का मुख्य कारण सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. एसपी ने कहा कि “अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे. दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे हर हाल में गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.” पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके.





