सरायकेला: पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किए गए Project “Device” के तहत जिले में लगातार कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में बुधवार को चौका थाना पुलिस ने एक सराहनीय सफलता हासिल करते हुए गुम हुए कुल 6 मोबाइल फोन को बरामद किया.

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चौका थाना क्षेत्र में गुम हुए मोबाइलों की खोजबीन के लिए विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान CEIR पोर्टल की मदद से ट्रैकिंग कर सभी मोबाइल फोन को बरामद किया गया.
बरामद किए गए मोबाइलों का विधिवत सत्यापन किया गया. इसके बाद सभी मोबाइल उनके असली धारकों को सही सलामत सुपुर्द कर दिए गए. लंबे समय से अपने मोबाइल खोने से परेशान लोगों ने मोबाइल वापस मिलने पर खुशी जताई और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि Project “Device” का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाना है. इस पहल के तहत आगे भी अभियान जारी रहेगा. इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि तकनीक और पुलिस की तत्परता से आम लोगों की समस्याओं का समाधान संभव है.

