Saraikela Nagar Panchayat Independence Day 2026 सरायकेला: नगर पंचायत में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रतिभाओं को मिला ‘’सरायकेला गौरव सम्मान’’
इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत कार्यालय परिसर में देशभक्ति और उल्लास के माहौल में समारोह आयोजित किया गया. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया.
समारोह में नगर पंचायत उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, अधिकारी-कर्मी, गणमान्य नागरिक, कलाकार और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
समारोह का खास आकर्षण ‘सरायकेला गौरव सम्मान’ रहा. नगर पंचायत की ओर से कला, संस्कृति, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया. संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित छऊ मुखौटा गुरु सुशांत कुमार महापात्र, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित युवा छऊ कलाकार कुना सामल, इतिहास में शोध उपाधि प्राप्त डॉ. अमलेश सिन्हा तथा शहर की स्वच्छता में योगदान देने वाले दो सफाई कर्मियों को सम्मान प्रदान किया गया.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ‘सरायकेला गौरव सम्मान’ केवल व्यक्तियों का सम्मान नहीं, बल्कि सरायकेला की कला, संस्कृति, शिक्षा, प्रतिभा, श्रम और सेवा भावना का सम्मान है. उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने से नई पीढ़ी को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.
उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित, सुरक्षित और विकसित सरायकेला के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है. समारोह के अंत में अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए नगरवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं.