सरायकेला: 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह इस बार देशभक्ति और तिरंगे की शान के साथ कर्तव्य के मोर्चे पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों के सम्मान का भी गवाह बना. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार को एक ही दिन दो अलग-अलग जिम्मेदारियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया.


सरायकेला में आयोजित छऊ महोत्सव और रथ महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभालने के लिए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने विनय कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. वहीं, नक्सल अभियान में नक्सलियों की गिरफ्तारी और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने भी उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.
उपायुक्त ने कहा कि बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस- प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है. ऐसे आयोजनों में विनय कुमार ने तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो सराहनीय है.
वहीं पुलिस अधीक्षक ने नक्सल अभियान में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों में साहस, सतर्कता, रणनीति और बेहतर टीम समन्वय महत्वपूर्ण होता है. विनय कुमार ने अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाई और अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
सम्मान के बाद थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से खड़े रहना है. उन्होंने कहा कि छऊ और रथ महोत्सव की सफल व्यवस्था हो या नक्सल अभियान, हर उपलब्धि पूरी पुलिस टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है.
एक ओर संस्कृति और आस्था से जुड़े आयोजनों की सुरक्षा, तो दूसरी ओर नक्सलवाद के खिलाफ अभियान. इन दोनों अलग-अलग मोर्चों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान विनय कुमार की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी की पहचान बनकर सामने आया है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

