जामताड़ा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को जामताड़ा पूरी तरह देशभक्ति के रंग में नजर आया. ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया.



इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंदाज कुछ अलग रहा. ध्वजारोहण से पहले सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ. इसके बाद तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान जन गण मन के दौरान उपस्थित लोगों ने सावधान मुद्रा में राष्ट्रध्वज को सलामी दी. करीब तीन मिनट से अधिक समय तक लोग राष्ट्रगान के सम्मान में सावधान मुद्रा में खड़े रहे. समारोह के समापन पर भी राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी.



अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा
मुख्य समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे.

साइबर थाना

जामताड़ा थाना
जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और थाना परिसरों में भी धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा ने अपने कार्यालय में तिरंगा फहराया. साइबर थाना, जामताड़ा नगर थाना, मिहिजाम नगर थाना और बिंदापाथर थाना में क्रमशः राजेश मंडल, मनोज कुमार महतो, प्रदीप राणा और विनय कुमार यादव ने ध्वजारोहण किया.

मिहिजाम थाना

राजकीय प्ल्स टू बुनियादी विद्यालय मेझिया
विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह रहा. जेबीसी प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में प्राचार्य एबी माइल टुडू तथा राजकीय प्लस टू बुनियादी विद्यालय मेझिया में प्राचार्य राजीव कुमार ने तिरंगा फहराया. मेझिया विद्यालय में राज्य, जिला और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ मैट्रिक और इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. पूरे जिले में दिनभर तिरंगे की शान और राष्ट्रगान की गूंज के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुए.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

