सरायकेला: नगर पंचायत बोर्ड की चौथी बैठक में आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालने वाले कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. नगर पंचायत ने टाउन हॉल की बुकिंग दर 55 हजार रुपये से घटाकर 40 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है. वहीं सेप्टिक टैंक की सफाई का शुल्क 6 हजार रुपये से घटाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है. नगर पंचायत के इन फैसलों से खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.


नगर पंचायत सरायकेला की चौथी बोर्ड बैठक अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में वार्ड पार्षदों के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान नागरिक सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, भवनों के किराये और शहर के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत की सुविधाएं किसी खास वर्ग के लिए नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक के लिए हैं. चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें धीरे-धीरे धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य सुविधाओं को आम आदमी की पहुंच में लाना है. टाउन हॉल की बुकिंग हो या सेप्टिक टैंक की सफाई, जहां भी लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा था, वहां राहत देने का प्रयास किया गया है. सीमित संसाधनों और मानव बल के बावजूद पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सभी वार्डों का समान विकास नगर पंचायत की प्राथमिकता है.
अध्यक्ष ने कहा कि सरायकेला की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. नगर पंचायत के सभी कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पहली बार शहर के सभी चापाकलों की नंबरिंग कराई जा रही है. खराब चापाकलों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है, ताकि लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े.
800 स्ट्रीट लाइट से रोशन होंगे शहर के मोहल्ले.
शहर की रोशनी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से 800 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराई गई हैं. इन्हें आवश्यकता के अनुसार नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लगाया जाएगा. इससे अंधेरे वाले क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ नागरिकों को आवागमन में भी सुविधा मिलेगी.
बोर्ड ने टाउन हॉल के साथ सामुदायिक भवन और नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी करने का निर्णय लिया है. इससे शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
मनोज कुमार चौधरी ने शहरवासियों से नगर पंचायत के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वच्छ और विकसित सरायकेला बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पंचायत की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत व्यवस्था बना सकती है, लेकिन उसे सफल जनता ही बनाती है. लोगों को पानी की बर्बादी रोकने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आने की जरूरत है. जनता का सहयोग मिलने पर सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है.
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड संख्या 1 के पार्षद उत्तम मोहंती, वार्ड संख्या 2 के पार्षद विक्रम मोदक, वार्ड संख्या 3 की पार्षद ज्योति साहू, वार्ड संख्या 4 की पार्षद सुषमा तिउ, वार्ड संख्या 5 के पार्षद गौतम नायक, वार्ड संख्या 6 की पार्षद बबीता कमिला, वार्ड संख्या 7 की पार्षद सविता पटनायक, वार्ड संख्या 9 के पार्षद वरुण साहू और वार्ड संख्या 10 की पार्षद शांति गोडसेरा सहित अन्य वार्ड पार्षद मौजूद रहे.
इसके अलावा कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान, संबंधित अभियंता और नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित थे.

